लॉकडाउन में फंसे 1257 मजदूरों को लेकर गुजरात के मोरबी से चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन शुक्रवार शाम 4.10 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंची। मोरबी से रविवार को भी टाटानगर श्रमिक स्पेशल ट्रेन के आने की संभावना है।
शुक्रवार को टाटानगर पहुंची ट्रेन गुजरात के मोरबी स्टेशन से गुरुवार सुबह 11 बजे चली थी। टाटानगर स्टेशन पर ट्रेन के रुकने पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मजदूरों की हेल्थ स्क्रीनिंग कराई गई। इसके बाद उन्हें स्टेशन परिसर की पार्किंग में लगी बसों से पश्चिम सिंहभूम के विभिन्न प्रखडों में भेजा गया। इस विशेष ट्रेन में 1257 मजदूर सवार थे। इनमें अधिकतर पश्चिम सिंहभूम के रहने वाले हैं। इक्का-दुक्का मजदूर ही दूसरे जिलों के थे।
जिला प्रशासन द्वारा उनकी जांच की व्यवस्था की गई थी, जांच के बाद लगभग 50 बसों से उनके गृह जिले में भेज दिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया गया। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा दंडाधिकारी एवं पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई थी।
लॉक थे ट्रेन के सभी दरवाजे
मोरबी में ट्रेन में मजदूरों को बैठाने के बाद दरवाजों को लॉक कर दिया गया था। इस लॉक को टाटानगर में ही खोला गया। टाटानगर स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन के एक-एक कोच को बारी-बारी से खोला गया। ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को जांच के बाद प्लेटफार्म से बाहर निकलने दिया गया। इसके बाद दूसरे कोच को खोलकर यात्रियों को उतारा गया। इन यात्रियों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए स्टेशन परिसर में 50 बसों की व्यवस्था की गई थी।
राउरकेला में यात्रियों को दी गई बिरयानी
श्रमिक स्पेशल ट्रेन के राउरकेला पहुंचने पर वाणिज्यिक विभाग के चीफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार राय के नेतृत्व में सभी यात्रियों को बिरयानी का पैकेट और पानी का बोतल बांटा गया।
इन स्टेशनों से होकर टाटानगर पहुंची ट्रेन
मोरबी, वास्कोडिगामा, गैरतपुर, गोदरा, रतलाम, संत हीरदरन नगर, बीना, न्यू कटनी जंक्शन, झारसुगुड़ा स्टेशन से गुजरते हुए ट्रेन टाटानगर पहुंची।

कोट
कुछ-कुछ अंतराल पर श्रमिकों को लेकर ट्रेनें टाटानगर आती रहेंगी। आने वाले श्रमिकों के लिए रोजगार की सरकार की बहुत सारी योजनाएं हैं। उन्हें रोजगार देने की कोशिश की जाएगी। दूसरे राज्यों से आने वाले मजदूरों की सूची तैयार की जा रही है।
- रविशंकर शुक्ला, उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम