
‘बहुत दिनों के बाद एक अच्छी चर्चा हुई। इससे उम्मीद जगी हैं। पार्टी वापस सही दिशा पर आ रही है।’ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं की बैठक के बाद एक युवा नेता की यह टिप्पणी पार्टी नेतृत्व के करिश्मे से उम्मीद के लिए काफी हैं। क्योंकि, अध्यक्ष के तौर पर सोनिया गांधी यह संदेश देने में सफल रही कि सफलता हमेशा संघर्ष के बाद ही मिलती है। करीब एक साल आठ माह बाद कांग्रेस अध्यक्ष की दोबारा जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनिया गांधी की गुरुवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक थी। करीब चार घंटे तक चली इस बैठक में सोनिया गांधी ने सभी नेताओं की बात सुनी और अपनी राय भी रखी। बैठक के बाद एक पदाधिकारी ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि हम 2004 के चुनाव से पहले के माहौल में हैं। अपनी गलतियों से सबक लेते हुए नई रणनीति बना रहे हैं।
क्लिक कर पढ़ें टॉप 10 न्यूज