
देश की राजधानी धीरे-धीरे बूढ़ी हो रही है। माना जा रहा है कि अगले दो दशकों में दिल्ली का हर पांच में से एक शख्स बुजुर्ग होगा। आर्थिक समीक्षा 2018-19 के मुताबिक, वर्ष 2041 तक बच्चों और किशोरों की संख्या बुजुर्गों के मुकाबले काफी कम रह जाएगी। यानि बच्चे कम और बुजुर्ग ज्यादा हो जाएंगे।
60 साल से ज्यादा वाले 21.2 फीसदी होंगे : रिपोर्टमें कहा गया हैकि 20 वर्ष बाद दिल्ली में 21.2 फीसदी लोग 60 साल से ज्यादा उम्र वाले होंगे। तमिलनाड़ु के बाद देश में यह संख्या सबसे ज्यादा होगी। आर्थिक समीक्षा के अनुसार, वर्ष 2011 में दिल्ली में 6.8 फीसदी लोग ही बुजुर्ग थे। तब 19 वर्ष से कम आयु वालों की संख्या 37.2 फीसदी थी। रिपोर्ट में 2021 में बुजुर्गों की संख्या 9.7 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया है जबकि 19 वर्ष से कम उम्र वाले घटकर 29.2 फीसदी रह जाएंगे।
देश में सबसे कम : वर्ष 2041 में दिल्ली में 60 वर्ष से ज्यादा उम्र वालों की आबादी 21.2 फीसदी होगी तो वहीं 19 वर्ष से कम आयु वाले घटकर 20.2 फीसदी रह जाएंगे। यह संख्या देश में सबसे कम है। वर्ष 2041 में राजधानी में सबसे कम 19 वर्ष से कम आयु वाले होंगे।
दुनिया में दिल्ली दूसरे पायदान पर
शहरी जनसंख्या मामले में दिल्ली दुनिया में दूसरे नंबर पर है। सबसे ज्यादा आबादी जापान के टोक्यो शहर की है। 2020 के बाद वहां आबादी घटने लगेगी। टोक्यो मेट्रोपोलिटन गवर्नमेंट की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2040 में वहां 3.6 करोड़ आबादी होगी। यानी आबादी .31% की दर से घट रही होगी। वहीं, दिल्ली की आबादी तब 2.02 करोड़ होगी। यहां 9.4% की दर से आबादी बढ़ रही है।
तमिलनाडु आगे
देश में सबसे ज्यादा बुजुर्ग तमिलनाडु में 22.6 फीसदी होंगे। वहीं, दिल्ली के बाद हिमाचल प्रदेश में 60 साल से ज्यादा वाले लोगों की संख्या सर्वाधिक होगी। अनुमान के मुताबिक वहां 21.1 फीसदी बुजुर्ग होंगे।
वर्ष 2041 में आबादी (फीसदी में)
0-19 साल 20.2
20-59 साल 58.5
60 साल से ऊपर 21.2
वर्ष 2021 तक
0-19 साल 29.2
20-59 साल 61.1
60 साल से ऊपर 9.7
आबादी का अनुमान (करोड़ में)
2011 में 1.68
2016 में 1.77
2021 में 1.85
2031 में 1.96
2041 में 2.02