
दिल्ली में शुक्रवार को धूल भरी आंधी और बरसात के आसार हैं। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। गुरुवार के दिन भी दिल्ली के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट आई है।
दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार सुबह से ही धूप निकली रही। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज होने लगी। लेकिन, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दोपहर बाद से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। इस दौरान सफदरजंग, पालम और लोधी रोड जैसे कई क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार की रात में भी तेज हवाओं के साथ बरसात हो सकती है। जबकि, पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर शुक्रवार के दिन देखने को शुक्रवार को दिल्ली के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बरसात होने की संभावना है। इससे पहले धूप भरी आंधी भी आ सकती है। इस दौरान हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है। वहीं, दिल्ली के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
पारा गिरा: बुधवार की तुलना में गुरुवार को तापमान में चार डिग्री से ज्यादा की गिरावट आई है। सफदरजंग मौसम केंद्र में बुधवार के दिन अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। गुरुवार को यह 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। सुबह का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है।