विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के पदक विजेता पहलवानों बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट को इंडियन स्पोट्र्स ऑनर्स के दूसरे संस्करण में क्रमश: वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला खिलाड़ी चुना गया है। इस पुरस्कार समारोह का आयोजन हाल में मुंबई में किया गया था लेकिन विजेताओं के नामों की घोषणा शुक्रवार को की गयी। इन पुरस्कारों में एक जनवरी से 31 दिसम्बर 2018 तक की अवधि के प्रदर्शन को ध्यान में रखा गया।

बजरंग और विनेश दोनों ने पिछले साल राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे। दोनों को व्यक्तिगत वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। टीम वर्ग में साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार फुटबॉलर सुनील छेत्री को मिला जबकि महिला वर्ग में यह पुरस्कार क्रिकेटर स्मृति मंधाना को दिया गया।

यह भी पढ़ें: लियोनेल मेसी बोले, इस मामले में नेमार ने बड़ी गलती कर दी

वर्ष के सर्वश्रेष्ठ उभरते पुरुष और महिला खिलाड़ी का पुरस्कार निशानेबाज सौरभ चौधरी और मनु भाकर को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद को मिला। सर्वश्रेष्ठ टीम का पुरस्कार भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को मिला। लाइफटाइम पुरस्कार उड़न सिख मिल्खा सिंह को दिया गया।

यह भी पढ़ें: ऐतिहासिक पल: ईरान में महिलाओं ने दशकों बाद देखा फुटबाल मैच